अलीगंज। पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी रचाने जा रहे युवक की शादी को थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रुकवा दिया और युवक के पिता को हिरासत में ले लिया। इस मामले में पीड़ित महिला के चाचा ने अलीगंज थाने में तहरीर दी है।
जिला फर्रुखाबाद के गांव अहमदगंज निवासी रामसिया ने अपनी भतीजी नीलम की शादी दिल्ली निवासी एक युवक के साथ 30 अप्रैल 2011 को की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुरालीजन लड़की के साथ मारपीट कर अतिरिक्त दहेज मांग रहे हैं। गत दिनों भतीजी के साथ ससुर, जेठ तथा पति ने मारपीट की और कोरे स्टांप पर उसके हस्ताक्षर करा लिए। नौ दिसंबर को भतीजी ने फोन पर सूचना दी कि उसका पति ग्राम पलरा थाना अलीगंज में किसी दूसरी लड़की के साथ शादी करने जा रहा है। इस पर पीड़ित ने थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी को रुकवा दिया और लड़के के पिता को हिरासत में ले लिया। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है इस पर जांच की जा रही है।