अलीगंज। प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 20 दिसंबर को अलीगंज आ रहे हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर स्थानीय अधिकारियों में हड़कंप मचा है। मंगलवार को आननफानन में एसडीएम ने अधीनस्थों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, वहीं कार्यालयों का निरीक्षण किया।
विधायक रामेश्वर सिंह यादव के प्रयास से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 20 दिसंबर को दौरा निश्चित होना बताया जा रहा है। इसकी स्थानीय प्रशासन भी पुष्टि कर रहा है, लेकिन अभी कोई कार्यक्रम नहीं आया है। मंगलवार को एसडीएम भैरपाल सिंह ने नवीन तहसील सभागार में तहसीलदार और समस्त विभागों के कर्मचारियों की बैठक ली। साथ ही उन्हाेंने संग्रह कार्यालय, तहसीलदार न्यायालय और रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय का निरीक्षण किया।
तहसीलदार न्यायालय में उन्होंने देखा कि अनेक पत्रावलियों में लेखपाल के बयानों के लिए पत्रावलियों में तारीख पर तारीख दी जा रही है, जिस पर उन्हाेंने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने चेतावनी दी कि दाखिल खारिज पत्रावलियों पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। उन्हाेंने कलेक्शन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। वसूली प्रगति की जानकारी हासिल की।
एसडीएम ने बताया कि 20 दिसंबर को मुख्यमंत्री का दौरा लगभग तय माना जा रहा है, उनके द्वारा नवीन तहसील, 132 केवीए सब स्टेशन और गेस्ट हाउस का उद्घाटन किया जाएगा। अन्य कार्यक्रम की सूचना बाद में दी जाएगी। उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सरकारी कार्यालयों में तैयारियां की जा रही हैं, किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे इसके लिए अधिकारियों ओर कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। 132 केवीए सबस्टेशन को जाने वाला मार्ग को दुरुस्त कराया जा रहा है।