एटा। जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी का शनिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। आयोजन को सफल बनाने के लिए सुबह परिसर में हवन आदि का आयोजन भी किया गया।
जीटी रोड स्थित सैनिक पड़ाव में एक माह तक चलने वाली प्रदर्शनी को लेकर जहां जनपदवासियों में उत्साह है। महीनों से चल रही तैयारियाें के बाद शनिवार को जिलाधिकारी लोकेश एम व एसएसपी अजय मोहन शर्मा ने शाम साढ़े सात बजे फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर आतिशबाजी का भव्य आयोजन किया। स्थानीय लोकमन दास चिल्ड्रिन एकेडमी के बच्चे अतिथियों को लेकर पांडाल तक पहुंचे। जहां मुख्य मंच पर मां सरस्वती के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्ज्वलित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गान प्रस्तुत किया। इस मौके पर एडीएम प्रशासन साहब सिंह, उपजिलाधिकारी सदर रामशंकर, नगरपालिका अध्यक्ष राकेश गांधी, रजिस्ट्रार कानूनगो जमशेद आलम सहित अन्य लोग मौजूद थे।