मारहरा। थाना क्षेत्र के गांव करुआमई में सरकारी ट्यूबवेल से पानी न मिलने की शिकायत पर हुए विवाद में एक वृद्ध की कुछ लोगों ने लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ मारहरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें से पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना मारहरा क्षेत्र के गांव करुआमई में 26 नम्बर ट्यूबवेल है। बताते हैं कि यहां ऑपरेटर के रूप में रामप्रकाश तैनात है। जो मौके पर स्वयं न जाकर गांव के ही निवासी अवधेश से ट्यूबवेल का संचालन करा रहा है। आरोप है कि अवधेश कम बीघा जमीन वाले लोगों को सिंचाई के लिए पानी नहीं देता है। वहीं गुरुवार की शाम को ट्यूबवेल ऑपरेटर रामप्रकाश वहां पहुंच गया था। पानी न मिलने की शिकायत करने के लिए गांव का ही 60 वर्षीय धर्मपाल भी ट्यूबवेल पर जा पहुंचा। जहां उसने अवधेश की शिकायत की। इससे बौखलाए अवधेश के चाचा रामभरोसे और उनके पुत्र कामता प्रसाद, विजयपाल और सुकपाल उस पर लाठी डंडे लेकर टूट पड़े। इतना ही नहीं उस पर पेचकस व प्लास से भी बार किए। सूचना पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। आगरा जाते समय धर्मपाल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतक की पत्नी नत्थोदेवी ने कामता प्रसाद, रामभरोसे, सुखपाल एवं विजयपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ऑपरेटर होता तो शायद न होती घटना
मारहरा। लोगों का कहना है कि ट्यूबवेल का संचालन यदि रामप्रकाश ही करता तो ऐसी नौबत नहीं आती। क्षेत्र में 19 अन्य ट्यूबवेलों पर भी नियुक्त ऑपरेटर इन्हें चलाने के लिए नहीं पहुंचते। इससे आए दिन झगड़ा होता है।
झूठ या सच
मारहरा। ट्यूबवेल ऑपरेटर रामप्रकाश ने बताया कि उसे घटना की जानकारी नहीं है। जबकि लोगों का कहना है कि वह घटनास्थल पर मौजूद था।