एटा। लंबे समय से लैपटॉप पाने के लिए इंतजार कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी है। जून के अंतिम सप्ताह तक इनके मिलने की उम्मीद है। केवल प्रदेश के मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने की घोषणा बाकी है। जनपद में चयनित कुल 15448 बच्चों को यह लैपटॉप मिलेंगे, फिलहाल शासकीय एडिड स्कूल के 1368 बच्चों को इसका लाभ मिलेगा, शेष को बाद में यह बांटे जाएंगे। शनिवार को डीएम ने संबंधित अधिकारियों संग बैठक कर कार्यक्रम स्थल व अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए डीएम लोकेश एम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में इस पर मंत्रणा हुई। उन्होंने बताया कि शासन से दिशा-निर्देश प्राप्त हो गए हैं। अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल के रूप में पुलिस लाइन का चुनाव हो सकता है, अभी इस पर निर्णय लेना बाकी है। डीएम ने बताया कि जनपद में कुल 15448 लाभार्थियों में से शासकीय एडिड विद्यालयों के 1368 लाभार्थियों को इस कार्यक्रम में लैपटॉप वितरित किए जाएंगे। शेष सभी लाभार्थियों को बाद में लैपटॉप वितरण होंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी जल्द घोषित हो जाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि लैपटॉप आने पर उन्हें पूर्णत: सुरक्षित स्थान में रखा जाए, जहां सीलन आदि नहीं हो। कार्यक्रम स्थल पर पूर्ण सुरक्षा के इंतजाम के साथ बैरीकेटिंग आदि की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही सीसी कैमरे लगाए जाएं। स्वास्थ्य विभाग कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस और चिकित्सीय टीम की व्यवस्था रखे। बैठक में सीडीओ प्रभात कुमार शर्मा, एडीएम वित्त और राजस्व राजेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन साहब सिंह, एसडीएम जलेसर इंद्रासन वर्मा, मुख्य कोषाधिकारी डीके अग्रवाल, एसीएमओ डा. एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र कुमार मलिक, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसएस चौहान के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।