एटा। उपभोक्ताओं पर बढ़ता विद्युत राजस्व विभाग की नींद उड़ा रहा है। चेतावनियों के बाद भी भुगतान को नहीं चेत रहे उपभोक्ताओं के विरुद्ध अभियान की तैयारी है। सचल दल टीमें भुगतान बिलों की रसीदें देखकर बकाएदारों के कनेक्शन काटेंगीं। वहीं भुगतान को और सहज बनाने के लिए विभाग ने शिविरों का ऐलान किया है।
बिजली विभाग का एक अरब रुपए से अधिक का राजस्व दबाए बैठे लोगों पर विभाग शिकंजा कसने की तैयारी में है। सचल दल की टीमें घर-घर पहुंचकर भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काटेंगीं वहीं विभाग ने हजारों बकाएदारों की सूची तैयार कर ली है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जनपद के 83 हजार से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं में से पचास हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर एक अरब तेरह करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व बकाया है। इनमें शहरी उपभोक्ताओं पर 36.63 करोड़ रुपए का राजस्व शेष है, तो ग्रामीण उपभोक्ता इससे भी दो गुना अधिक 76.41 करोड़ का धन दबाए बैठे हैं। वहीं शहरी खंड में पांच हजार रुपए से अधिक के बकाएदारों की संख्या 9547 है। इन्हें चिह्नित कर लिया गया है।
क्या बोले, अधिकारी
उच्च विभागीय निर्देशानुसार बकाएदारों पर कार्रवाई की तैयारी है। प्रथम चरण में पांच हजार रुपए से अधिक के बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए जाएंगे। विभाग ने इन्हें चिन्हित कर लिया है। इनकी संख्या 9547 से अधिक है।
--बीएल आनंद, अधिशासी अभियंता, शहरी खंड, एटा
विद्युत शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर
एटा। विद्युत संबंधी शिकायतों के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर दे दिया है। अब उपभोक्ता बिना किसी भी खर्च के अपनी विद्युत संबंधी शिकायतों एवं समस्याओं को 18001020523 नंबर पर दर्ज करा सकेंगे। 24 घंटे खुले रहने वाले इस स्वचालित शिकायत प्रकोष्ठ में दर्ज इन शिकायतों की निगरानी अधिकारी करेंगे साथ ही जनपदीय अधिकारियों से इसके समाधान की प्रगति भी जानेंगे।