एटा। शहर में ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शहर के अलीगंज तिराहा और गौशाला के समीप अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 57 वाहनाें की चेकिंग कर 19 हजार का जुर्माना वसूल करते हुए पांच वाहनों का चालान किया। कार्रवाई को होता देख वाहनों चालकों में हड़कंप मच गया।
शहर से गुजरने वाले अधिकांश वाहनों में प्रेशर हार्न लगे रहते हैं। जिनके चलते लोगों में ध्वनि प्रदूषण होता है। साथ ही प्रदूषण जांच न कराने वाले भी वाहन सड़कों पर दौड़ते हुए लोगाें में वायु प्रदूषण फैला रहे हैं। इससे लोगों में कई घातक बीमारियां फैल रही हैं। इसे लेकर गंभीर हुए टीएसआई अवधेश यादव ने यातायात पुलिस टीम के साथ मिलकर शनिवार को शहर के अलीगंज तिराहे और गौशाला के समीप ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 57 वाहनों की चेकिंग की, जिसमें से 19 वाहनों से इसमें दोषी पाए जाने पर 19 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। वहीं मौके पर ही मशीन से प्रदूषण को चेक किया गया, साथ ही पांच वाहनाें का चालान भी किया। इस तरह की कार्रवाई को होता देख वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। जिसके चले अधिकांश वाहन चालक अपने-अपने वाहनों को चोरी छिपे पुलिस की नजर से बचाकर भाग गए।