एटा। छात्र-छात्राओं के इंतजार की घड़ियां अब समाप्त होने को हैं, क्योंकि शीघ्र ही जिले में लैपटॉप का वितरण होने जा रहा है। जिला प्रभारी मंत्री शिवपाल सिंह यादव पहले चरण में 1,368 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरण करेंगे। अभी कार्यक्रम की तिथि घोषित नहीं हुई है।
लैपटॉप वितरण समिति की कलक्ट्रेट स्थित शिविर कार्यालय पर शुक्रवार को हुई बैठक जिलाधिकारी लोकेश एम ने बताया कि सभी लैपटॉप प्राप्त हो गए हैं। प्रत्येक स्कूल के दो शिक्षकों एवं लैपटॉप प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप आपरेट करने का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रभारी मंत्री शिवपाल सिंह यादव द्वारा जनपद केे शासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के 1,368 छात्र-छात्राओं को इनका वितरण किया जाएगा। शेष को जल्द लैपटॉप दिए जाएंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखी जाएं।
बैठक में लैपटॉप का सत्यापन करते हुए 90 प्रतिशत भुगतान तथा प्रशिक्षण के उपरांत पांच प्रतिशत कुल 95 प्रतिशत भुगतान किए जाने के लिए समिति ने अनुमोदन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि सभी की जांच कर ली गई है। बैठक में सीडीओ प्रभात कुमार शर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेंद्र कुमार, एसडीएम रविप्रकाश श्रीवास्तव, संदीप कुमार गुप्ता, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी वीपी सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी पवन कुमार आदि मौजूद थे।