एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र में राहगीर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल की आगरा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। लोगों ने बाइक सवार को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। इधर, ट्रिपल राइडिंग के चलते बाइक सवार दूसरी बाइक से भिड़ गए। इसमें तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गुरुवार सुबह 10 बजे की है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास कालोनी निवासी 45 वर्षीय सातुकी प्रसाद किसी काम से पैदल बाजार की ओर जा रहे थे। तभी जीटी रोड स्थित गांधी स्मारक इंटर कालेज के पास तेज गति से आ रही बाइक ने उनको टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख उउन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते सातुकी की मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आवेश में आए लोगों ने बाइक सवार दो युवकों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, पुलिस का कहना है कि उनको अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
इधर, थाना मिरहची क्षेत्र के गांव नयाबांस निवासी मुकेश कुमार, पिंटू तथा रामखिलाड़ी बाइक से जा रहे थे, तभी सिरसा टिप्पू के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से जा टकराए, जिससे तीनों घायल हो गए। जिन्हें लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं बाइक व टेंपो की भिड़ंत में जीसुखपुर थाना बागवाला निवासी बाइक सवार रामभरोसे, राजू घायल हो गए।