एटा। दिसंबर माह शिक्षक आंदोलन के नाम रहेगा। लंबित मांगों के समर्थन में जनपदीय शिक्षक दो दिसंबर को काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध, नौ दिसंबर को जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विरोध प्रदर्शन करेंगे। 18 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में प्रतिभाग करेंगे।
शैक्षिक अव्यवस्थाओं एवं शिक्षक समस्याओं का निस्तारण न होने पर आक्रोशित विभिन्न शिक्षक संगठन एकजुट हो गए हैं। प्राथमिक, जूनियर हाईस्कूल, माध्यमिक, महाविद्यालय, संस्कृत पाठशाला, अरबी मदरसों, अनुसूचित जाति प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय विद्यालयों के शिक्षक सामूहिक प्रतिभाग करेंगे। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है। इसी क्रम में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा घोषित आंदोलन कार्यक्रम में दो दिसंबर को शिक्षक काली पट्टियां बांधकर सांकेतिक विरोध करेंगे। नौ दिसंबर को जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपेंगे। 18 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामलाल कुशवाहा ने बताया कि लखनऊ के आंदोलन में जनपद के सैकड़ों शिक्षक जाएंगे।
-------
शिक्षक संघ की बैठक आज
एटा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जिला कार्यकारिणी की बैठक रविवार को श्री गांधी स्मारक इंटर कालेज में होगी। संगठन के जिलामंत्री लज्जाराम यादव ने बताया कि स्थानीय शिक्षक समस्याओं एवं प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।