एटा। 24 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने के आदेश जनपद में दम तोड़ रहे हैं। नगला जसराम में ढाई माह बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं लग सका है। जैथरा क्षेत्र के कई गांवों में भी खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा रहे। प्रभावित गांवों में लुहारी खेड़ा, सहोरी, प्रहलादपुरा, मेदूपुरा व कसौलिया हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। एसडीओ ने भी जानकारी न होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया है।
ग्रामीण अंचल की विद्युत व्यवस्थाएं बदहाल हैं। सबसे बुरा हाल जैथरा क्षेत्र का है। ट्रांसफार्मर फुंकने से यहां के आधा दर्जन गांवों में अंधेरा है। लुहारी खेड़ा में 10 दिन पूर्व फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है। सहोरी, प्रहलादपुरा, मेदूपुरा व कसौलिया के ग्रामीण भी खराब ट्रांसफार्मर का रोना रो रहे हैं। शिकायतों के बाद भी अधिकारी इसे गंभीरता से नहीं ले रहे। वहीं, एसडीओ अनभिज्ञता जता रहे हैं। बताते चलें कि उपभोक्ताओं की शिकायत पर अखबारों में भी यह खबर छपी है। सदर तहसील क्षेत्र के नगला जसराम के ग्रामीणों का आरोप है कि ढाई माह बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा। अधिकांश बकाया राजस्व का भुगतान कराने के बाद विभाग ने इसे उतरवा लिया, लेकिन अभी तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है।
ट्रांसफार्मर फुकने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। किसी भी अधीनस्थ ने उन्हें इस संबंध में सूचना नहीं दी है। अखबार द्वारा ही इसकी सूचना मिल रही है। अब इसके लिए कार्रवाई की जाएगी।
- पियूष कुमार, एसडीओ, अलीगंज, एटा