राजा का रामपुर। कस्बे के भरगैंन मार्ग स्थित वर्षों पुराने नाग देवता के मंदिर में स्थापित शिवजी की प्रतिमा को रविवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। मंदिर में लगी नाग देवता की प्रतिमा भी खंडित कर दी गई। मंदिर परिसर में लगे हैंडपंप को भी उखाड़कर ले गए। सोमवार की सुबह जब श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी हुई तो उनमें आक्रोश भड़क गया। गुस्साए लोगों ने बाजार बंद कर तीन घंटे तक मड़िया चौराहे पर जाम लगाए रखा। घटना की जानकारी पर सीओ अलीगंज व कई थानों की पुलिस पहुंच गई। दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार करने व मंदिर में नई मूर्ति स्थापित कराने का आश्वासन के बाद ही लोग शांत हुए और जाम खोला। घटना की तहरीर भी पुलिस को दी है।
भरगैंन मार्ग पर नाग देवता का मंदिर है। रविवार की रात अराजक तत्वों ने मंदिर में स्थित शिवजी व नाग देवता की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां लगे हैंडपंप को भी उखाड़ लिया। अगले दिन सुबह श्रावण मास का अंतिम सोमवार होने के कारण श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे। वहां शिवजी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त देखकर उनमें आक्रोश फैल गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे कस्बे में फैल गई और सैकड़ों की संख्या में लोग मंदिर के बाहर एकत्रित हो गए।
इधर, घटना के विरोध में कस्बे के बाजार बंद कर दिए गए। लोग सुबह लगभग आठ बजे मड़िया चौराहे पर जा पहुंचे। वहां जाम लगाकर भरगैंन मार्ग, अलीगंज मार्ग व कायमगंज मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल दोषियों की गिरफ्तारी व नई मूर्ति लगवाने की मांग की। जाम की सूचना पर सीओ अलीगंज शमशेर सिंह व थाना पुलिस के अलावा जैथरा व अलीगंज की पुलिस मौके पर पहुंच गई। आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अडिग थे। बाद में सीओ ने दोषियों को पकड़ने व नई मूर्ति लगवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर लोगों ने तीन घंटे बाद जाम खोला, वहीं दोपहर बाद बाजार भी खुल गए। घटना की तहरीर शुभम मिश्रा व सत्यम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दी है। बाद में एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्रा व एसडीएम अलीगंज पीके सक्सेना भी पहुंच गए।
---
फिर कस्बे का माहौल बिगाड़ने की कोशिश
राजा का रामपुर। 20 दिन पहले मोहल्ला कुजड़यान स्थित एक धार्मिक स्थल पर हो रही भागवत कथा के दौरान लाउडस्पीकर उतारने पर बवाल हो गया था। कस्बे में बढ़ते तनाव को देखते हुए एएसपी संजय यादव, एडीएम प्रशासन लालमणि मिश्र व पुलिस पहुंच गई थी। थाने में दो समुदाय के लोगों को बुलाकर बैठक की और समझौता कराकर मामला शांत कराया। अब मंदिर में मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर फिर से तनाव व्याप्त हो गया।
पहले भी मंदिरों में मूर्तियां हो चुकी क्षतिग्रस्त
एटा। साल भर पहले शिकोहाबाद रोड स्थित एक मंदिर में स्थापित शिव परिवार की मूर्तियों को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था। आक्रोश बढ़ता देख पुलिस ने नई मूर्तियां स्थापित कराई थीं। जीटी रोड व आगरा रोड पर भी ऐसी घटना हुई थी। वहीं मिरहची में एक साल पहले जिन्हैरा रोड पर मंदिर में मूर्तियां क्षतिग्रस्त कर दी गई थीं।
------
अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सभी थानाध्यक्षों से अपने क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में पूजा के समय अराजक तत्वों पर निगरानी रखने और उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घटना को अंजाम देने वाले अराजक तत्वों का पता लगाकर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुरेंद्र कुमार वर्मा, एसएसपी
तहरीर मिल गई है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं शाम तक मंदिर में नई मूर्ति स्थापित करा दी जाएगी।
- शमशेर सिंह, सीओ अलीगंज