UP: एटा में जहरीली शराब पीने से दो की मौत, तीसरे की हालत गंभीर; परिजनों ने बताई साजिश
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: आगरा ब्यूरो
Updated Thu, 28 May 2026 10:59 PM IST
सार
एटा के मीसा कलां गांव में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक के परिजनों ने पुराने हत्या मुकदमे की गवाही रोकने के लिए शराब में जहर मिलाकर हत्या कराने का आरोप लगाया है।
एटा के अवागढ़ क्षेत्र के गांव मीसा कलां में बृहस्पतिवार की सुबह शराब पीने के बाद तीन लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से दो की मौत हो गई। तीसरे को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। एक मृतक (नरसिंह पाल) के परिजन ने गांव के ही कुछ लोगों पर शराब में जहर मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनसे बेटे की हत्या का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है। 11 जून को नरसिंह की मुकदमे में गवाही होनी थी। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
गांव निवासी नरसिंह पाल (50 वर्ष) के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। राजमिस्त्री राकेश (40 वर्ष) मकान बना रहे थे। गांव का ही रंजीत यहां मजदूरी करता है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7 बजे राकेश शराब का टेट्रा पैक लेकर नरसिंह पाल के घर पहुंचा। नरसिंह की पत्नी सावित्री ने सुबह-सुबह शराब पीने से मना भी किया लेकिन वो नहीं माने।
तीनों ने शराब पी और चखने के रूप में खट्टे-मीठे चूरन की गोली खाई। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई। राकेश और नरसिंह पाल बेहोश होकर गिर गए। रंजीत को उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां नरसिंह पाल और राकेश को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं रंजीत का उपचार किया गया। हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत की खबर से पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। डीएम अरविंद कुमार सिंह, एसएसपी डाॅ. इलामारन जी, एएसपी श्वेताभ पांडे समेत कई आला अधिकारी गांव पहुंच गए। उन्होंने परिजन और ग्रामीणों से घटना बारे में जानकारी ली। नरसिंह पाल के बेटे अनुपम ने पुलिस को बताया कि पांच साल पहले रंजिशन उसके भाई भूपेंद्र उर्फ बंटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई
थी। इसके बाद शव नहर में फेंक दिया था। फिरोजाबाद क्षेत्र में झाल गोपाल पुल के पास शव बरामद हुआ था। परिजन ने रंजिशन हत्या करने की प्राथमिकी गांव के ही हरेंद्र बघेल, पूपी बघेल, योगेश और सोनू पंडित के खिलाफ हत्या दर्ज कराई थी। इसके मुकदमे की सुनवाई न्यायालय में चल रही है। 11 जून को इस मामले में नरसिंह पाल की गवाही होनी थी।
परिजन का आरोप है कि पूपी बघेल और उसके साथियों ने राकेश के हाथों जहरीली शराब भिजवाकर नरसिंह पाल की हत्या करवाई है ताकि उसकी गवाही नहीं हो सके। जहरीली शराब से मौत को लेकर पर प्रशासन जांच करवा रहा है। ठेके को सील कर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।
पैनल के माध्यम से दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।