इटावा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत काजी पंप के सामने खड़ी बसों में बुधवार रात आग लग गई। जब तक फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची तब तक दोनों बसें जलकर राख हो गई। चालक ने बताया कि किसी ने बसों में रंजिशन आग लगाई है। मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के अंडनी गांव निवासी अवनीश कुमार यादव अपनी बसों को इटावा-आगरा चलवाते हैं।
उनकी दोनों बसें रात के समय काजी पंप के सामने खड़ी होती थी। बुधवार रात करीब दस बजे चालक अमित कुमार यादव पुत्र प्रकाश चंद बसें खड़ी कर स्टाफ के साथ घर चले गए। रात बसों में आग लग गई। आग की लपटें उठती देख काजी पंप पर ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने इसकी सूचना फायरब्रिगेड को दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना मिलने पर चालक व स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। फायरब्रिगेड जब तक आग पर काबू पाते तब तक दोनों बसें जलकर राख हो गई। चालक अमित ने बताया कि आग लगने से करीब 14 लाख का नुकसान हुआ है।
उन्होंने बताया कि ऐसा लग रहा है कि किसी ने रंजिशन बसों में आग लगाई है। उनका कहना था कि दोनों बसें थोड़ी दूरी पर खड़ी थीं यदि एक में आग लगती तो दूसरी में आग कैसे पहुंचती। जबकि दोनों बसे जलकर राख हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। कोतवाल जीवा राम यादव ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।