नोयडा से लौटने वाले चंदन की जांच करते डॉक्टर
- फोटो : AMAR UJALA
जसराना। नोएडा में नौकरी कर परिवार को पाल रहा एक व्यक्ति घर पर लौटकर आया तो मोहल्ले में हडकंप मच गया। बीमारी के शक में लोगों ने पुलिस एवं स्वास्थय विभाग को जानकारी दी। कोरोना के संदेह पर टीम घर पहुंची और पूरे परिवार की जांच की। वहीं पूरे परिवार को घर में रहने की हिदायत दी गई है। थाना जसराना के मौहल्ला गाडीवान निवासी चंदन अपनी पत्नी कुसमा एवं दो बच्चों सनी एवं उर्मी के साथ नोएडा में रहकर कार्य करता है। सब कुछ बंद होने के बाद चंदन परिवार के साथ मंगलवार की सायं लौटकर आया था। मोहल्ले के लोगों को चंदन बीमार लगा तो हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस एवं स्वास्थय विभाग को चंदन के बाहर से आने के साथ बीमार होने की सूचना दी। कोरोना के संदेेह पर सामुदायिक स्वास्थय केंद्र के अधीक्षक डा. अनुराग व्यास चंदन के घर पहुंचे और पूरे घर की जांच की। वहीं परिवार को घर में बंद रहने की हिदायत दी। डा. अनुराग व्यास ने बताया बाहर से आने वाले लोगों की जांच के लिए टीमों को भेजा जा रहा है। आधा दर्जन से अधिक गांवों में उपचार के लिए टीमें गई हैं। बाहर से आने वाले लोगों को घर में ही रहने की हिदायत दी जा रही है। वहीं आसपास के लोगों को भी उनसे न मिलने को कहा जा रहा है।
और पढ़ें