मौसम की खराबी से विजिबिलिटी कम होने पर गुरुवार को भी स्पाइस जेट और एयर इंडिया की सभी उड़ानें निरस्त कर दी गईं। बुधवार को भी दोनों ही विमान कंपनियों को गोरखपुर से अपनी सभी उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। लगातार दो दिनों से उड़ान न हो पाने से दिल्ली और कोलकाता जाने वाले यात्रियों का तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समय से सूचना न मिल पाने से यात्री विकल्प भी नहीं तलाश सके।
बताया जा रहा है कि अगर और दो दिनों तक मौसम का मिजाज यही रहा तो ये विमान कंपनियां अभी से अपनी उड़ानें अगले करीब दो महीने तक के लिए निरस्त कर सकती हैं। फिलहाल में स्पाइस जेट ने ही 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक के लिए अपनी उड़ानें निरस्त रखने की घोषणा की है। धुंध की वजह से स्पाइस जेट की कोलकाता से गोरखपुर आने वाली फ्लाइट ही उड़ान नहीं भर सकी। चूंकि यही विमान गोरखपुर से दिल्ली जाता है लिहाजा दिल्ली की भी उड़ान रद्द करनी पड़ी।
इसी तरह दिल्ली से गोरखपुर आने वाली फ्लाइट रद्द होने से गोरखपुर से कोलकाता की भी स्पाइस जेट की उड़ान नहीं हो सकी। यही हाल एयर इंडिया के विमान का भी रहा। विजिबिलिटी कम होने से दिल्ली से ही यह फ्लाइट गोरखपुर नहीं उड़ सकी, लिहाजा यहां से भी उड़ान निरस्त करनी पड़ी।