राठ(हमीरपुर)। बुंदेलखंड के किसानों के कर्ज माफी को लेकर बुंदेलखंड संघर्ष समिति के संयोजक एवं पूर्व सांसद गंगाचरन राजपूत ने न्याय पंचायत औंता में शिविर लगाकर कर्ज माफी प्रपत्र भराया। इस मौके पर पूर्व सांसद ने कहा कि जो सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी वहीं दिल्ली पर राज करेगी। किसान संघर्ष के लिए तैयार रहें। सपा ने चुनाव से पहले किसानों के पचास हजार तक के कर्ज माफी की घोषणा की थी जो पूरी नहीं हुई। वह प्रधानमंत्री से बुंदेलखंड के किसानोें के कर्ज माफी की मांग करेंगे। हाल ही में सरकार ने बुंदेलखंड के लिए 7 हजार करोड़ रुपए भेजा है। उसी रुपए से बुंदेलखंड के किसानों का कर्जा माफ हो सकता है। प्रधानमंत्री या तो बुंदेलखंड राज्य का निर्माण करें या फिर कर्ज माफ करें। बुंदेलखंड राज्य बनने से हर किसान के खेत को पानी मिलेगा। बुंदेलखंड का युवा बेरोजगार होकर नहीं घूमेगा। बुंदेलखंड का सोना लूटा जा रहा है। प्रत्येक गांव में संघर्ष समिति का निर्माण किया जाएगा। शिविर में मनसुख, भान सिंह, प्रधान अमर चन्द्र राजपूत, नंदराम, श्रीराम राजपूत, सालिगराम, शिवराम, रामप्रसाद, कल्याण सिंह, घासीराम सहित अन्य गांव के किसान मौजूद रहे।