आंधी से उखड़े 200 बिजली के खंबे, 20 लाख का नुकसान
हापुड़। बृहस्पतिवार शाम ओलावृष्टि, तेज आंधी ने ऊर्जा निगम की व्यवस्था को चौपट कर दिया है। 200 से अधिक बिजली के खंबे उखड़ गए, जिसके चलते शहर, देहात में रातभर ब्लैक आउट रहा। निगम को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वझीलपुर और रमपुरा बिजलीघर 24 घंटे बाद भी चालू नहीं हो सके हैं। निगम के आला अधिकारी देर शाम तक समस्या दुरुस्त करने में जुटे थे।
उल्लेखनीय है कि तेज आंधी के कारण हापुड़ डिवीजन क्षेत्र के 14 बिजलीघर ठप हो गए। देहात अंचल में 200 से अधिक विद्युत पोल उखड़ गए। सैकड़ों मीटर विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसका नतीजा यह रहा कि रातभर शहर, देहात अंचल में ब्लैक आउट रहा।
लोगों को भीषण गर्मी और मच्छरों के प्रकोप से जूझना पड़ा। सुबह होने पर निगम कर्मियों ने लाइन की पेट्रोलिंग की तो नुकसान का आंकलन हुआ। 200 से अधिक विद्युत पोल उखड़ने व टूटने से निगम को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
वझीलपुर और रमपुरा बिजलीघर को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। क्योंकि यहां लगे 33केवी क्षमता के विद्युत पोल उखड़ गए। जिन्हें 24 घंटे बाद भी दुरुस्त नहीं किया जा सका है। लोगों को बिजली आपूर्ति न मिलने से काफी परेशानी हो रही है।
-इन गांवों की आपूर्ति अभी भी बाधित-
वझीलपुर बिजलीघर से जुड़े गांव धनौरा, वझीलपुर, सूदना, पटना मुरादपुर बिजलीघर से जुड़ा देहात अंचल, बाबूगढ़ का देहात अंचल, धीरखेड़ा बिजलीघर का देहात अंचल, रमपुरा बिजलीघर 24 घंटे बाद भी चालू नहीं हो सका है।
कोट-
अधिशासी अभियंता पीके गौतम ने बताया कि 200 से अधिक विद्युत पोल उखड़ गए हैं। जिन्हें दुरस्त कराया जा रहा है। जल्द ही प्रभावित गांवों को आपूर्ति दे दी जाएगी।