पुन: मतगणना याचिका पर आज होगी सुनवाई
- हापुड़ से मनीष सिंह और पिलखुवा से लज्जारानी गर्ग ने नगर निकाय मतगणना को लेकर जिला न्यायालय में डाली है याचिका
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। नगर निकाय चुनाव के बाद हापुड़ और पिलखुवा के प्रत्याशियों ने जिला न्यायालय में पुन: मतगणना की याचिका डाली हुई है। दोनों ही याचिकाओं पर सुनवाई बृहस्पतिवार को होगी। इसे लेकर लोगों में उत्सुकता का माहौल है।
नगर निकाय चुनाव के दौरान मतगणना के बाद हापुड़ से भाजपा प्रत्याशी प्रफुल्ल सारस्वत और पिलखुवा से स्वतंत्र जनता राज पार्टी की प्रत्याशी गीता गोयल को विजयी घोषित किया गया था। मगर, हापुड़ की सीट पर परास्त हुए निर्दलीय प्रत्याशी मनीष कुमार व पिलखुवा से दूसरे नंबर पर रहीं भाजपा की लज्जा रानी गर्ग ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए दोबारा मतगणना की मांग करते हुए जिला न्यायालय की शरण ली थी।
इस मामले में कोर्ट ने सुनवाई के लिए 18 जनवरी की तिथि निर्धारित की थी। बृहस्पतिवार को इन दोनों ही मामलों में सुनवाई होनी है, जिसे लेकर लोगों में उत्सुकता का माहौल है। बुधवार को लोगों में इस बात को लेकर काफी चर्चाएं रहीं। खासकर इन प्रत्याशियों के समर्थक निर्णय को लेकर अधिक उत्सुक दिखाई दे रहे हैं।