अधिकारियों के साथ परिषदीय शिक्षकों की छुट्टियां निरस्त
हापुड़। लोकसभा चुनाव को लेकर जिले के सभी अधिकारियों कर्मचारियों के अलावा परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की छुट्टियां निरस्त हो गई हैं। डीएम के आदेशों के बाद बीएसए ने छुट्टियां निरस्त करते हुए तुरंत ड्यूटी ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में पहले और दूसरे चरण में ही मतदान को देखते हुए जिला प्रशासन इसकी तैयारियों में जुटा है। डीएम के आदेशों के बाद अधिकारियों की छुट्टियों को निरस्त करने के बाद शिक्षकों की छुट्टी भी निरस्त कर दी हैं। दरअसल, परिषदीय स्कूलों में कार्यरत बहुत से शिक्षक ऐसे हैं जिन्होंने पूर्व में छुट्टियां ले रखी हैं, लेकिन अब उक्त शिक्षकों की लोकसभा चुनाव में ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे में अब सभी शिक्षकों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं, उन्हें तुरंत स्कूलों में पहुंचकर ड्यूटी ज्वाइन करने के आदेश दिए गए हैं। बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि कुछ शिक्षक सीएल अवकाश पर हैं। चुनाव को देखते हुए शिक्षकों की तत्काल छुट्टियां निरस्त करते का निर्णय लिया है, जिससे लोकसभा चुनाव का कार्य प्रभावित नहीं हो सके। ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।