बीएसए के निरीक्षण में तीन शिक्षक मिले अनुपस्थित, वेतन काटा
हापुड़। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में बृहस्पतिवार को तीन शिक्षक बिना बताए अनुपस्थित मिले। इनका एक दिन का वेतन काट दिया गया है। शिक्षकों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने से शिक्षा का बंटाधार हो रहा है।
बीएसए देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को असरा के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया गया। यहां तैनात सहायक अध्यापिका शिखा अनुपस्थित पाई गई। मुरादपुर निजामसर के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक रुचि मलिक, अजीज अहमद बिना बताए अनुपस्थित मिले।
इस मामले में तीनों का एक दिन का वेतन काट दिया गया है, साथ ही स्पष्टीकरण मांगा है। इस कार्रवाई से शिक्षकों में हड़कंप मच गया।
बीएसए देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि बिना बताए अनुपस्थित मिलने वाले शिक्षकों पर अब कड़ी कार्रवाई करेंगे। आगे भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेेंगे।