बिजली गुल होते ही ठप हुए बिल काउंटर के कंप्यूटर, उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
हापुड़। टाऊन हॉल बिजलीघर परिसर में बने बिल काउंटरों पर बिजली जाते ही कंप्यूटर ठप हो जाते हैं, जनरेटर का लाखों का ठेका छूटने के बाद भी काम के समय आपूर्ति बाधित रहती है। इसके विरोध में मंगलवार को काउंटर पर उपभोक्ताओं ने जोरदार हंगामा किया।
अतरपुरा चौराहा स्थित हापुड़ डिवीजन कार्यालय में दो बिल काउंटर बने हैं। इन काउंटरों पर रोजाना सैकड़ों लोग बिल जमा करने पहुंचते हैं। लेकिन बिजली जाते ही काउंटर पर लगे कंप्यूटर शोपीस बन जाते हैं। क्योंकि नेटवर्किंग के लिए लगी मशीन को पांच किलोवाट आपूर्ति की आवश्यकता होती है।
डिवीजन कार्यालय में जनरेटर की व्यवस्था भी है, लेकिन इन्हें कभी कभार ही चलाया जाता है। जिसका परिणाम यह होता है कि घंटों तक काउंटर पर बिल जमा नहीं हो पाते। ऐसे में राजस्व वसूली भी प्रभावित होती है। मंगलवार को ग्राहकों ने काउंटरों पर जोरदार प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिल जमा करने के लिए पहले ही लंबी लाइन लगी रहती है वहीं जब बिजली चली जाती है तो कंप्यूटर भी बंद हो जाते हैं। इसके चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अधिशासी अभियंता पीके गौतम का कहना है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिल काउंटरों को कार्य के समय हर संभव आपूर्ति दिलायी जाएगी।