आंगनबाडिय़ों ने उठाई ग्रीष्मकालीन अवकाश की मांग
हापुड़। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपकर एक महीने की ग्रीष्मकालीन अवकाश व सात महीने से रुके मानदेय का भुगतान कराने की मांग उठाई।
संघ की जिलाध्यक्ष लवकेश त्यागी ने कहा कि गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंखा, कूलर का कोई इंतजाम नहीं है। छोटे छोटे बच्चे गर्मी से परेशान रहते हैं। इस समस्या से निजात दिलाने को आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक महीने का ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बच्चों को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि बीते सात महीने से कार्यकर्ताओं को मानदेय नहीं मिल सका है। महंगाई के दौर में मानदेय नहीं मिलने से उन्हें घर खर्च चलाने में काफी परेशानी आ रही है। डीएम से इन समस्याओं के निस्तारण की गुहार लगाई गई।
मौके पर मास्टर टेकचंद, इच्छा तौमर, गीता चौधरी, शशिकांता, सरलेश, बबीता त्यागी, सुमन त्यागी, अंजना शर्मा, दीपाली, कविता, निधि, रजनी, परवीना राणा आदि मौजूद रहीं।