आयुष्मान योजना के डीसी ने किया निरीक्षण
हापुड़। सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को सही इलाज मिलने की जानकारी लेने के लिए सोमवार को योजना के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर ने गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के तहत भर्ती मरीजों से बातचीत की।
भारत सरकार आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध करा रही है। इस योजना के तहत गरीब लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाते हैं और निजी अस्पतालों में उन्हें दूसरे मरीजों की तरह उपचार दिया जाता है। सोमवार को योजना के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर प्रमोद कुमार ने गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रमोद कुमार ने अस्पताल में योजना के तहत इलाज किए गए मरीजों का ब्यौरा जुटाया। इसके अलावा वर्तमान में भर्ती मरीजों से भी व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मरीजों से किसी प्रकार की परेशानी या फीस आदि लेने के बारे में भी पूछताछ की। निरीक्षण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की खामी नहीं मिली। इस दौरान आयुष्मान मित्र शुभम भी उनके साथ मौजूद थे।