एल्युमीनियम के वरक से सज रही मिठाई...सेहत पर आफत आई
- मिठाई पर धड़ल्ले से हो रहा चांदी की जगह एल्युमीनियम का इस्तेमाल
- त्योहारों पर सस्ती मिठाईयों को आकर्षक बनाने के लिए हो रहा खेल
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। धनतेरस और दीपावली का त्योहार है तो बाजार में दुकानें मिठाइयाें से अटी पड़ी है। लेकिन सावधान रहें! कही खुशियों की यह मिठाई आपकी सेहत न बिगाड़ दे। कम लागत में अधिक कमाई के चक्कर में कुछ दुकानदार चमकीली मिठाइयों पर चांदी के वरक के बजाय एल्युमीनियम का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह वरक आंतों में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी बांट रही है। इसके अलावा दूध और मावे में मिलावट लोगों के सेहत पर भारी पड़ रही है।
त्योहार को देखते हुए बाजारों में मिठाईयों की दुकानें सजी हुई हैं। दूध का उत्पादन मांग के अनुरूप नहंी होने और मिठाइयों की मांग बढ़ने से कहीं न कहीं मिलावट के खेल से इनकार नहीं किया जा सकता। जानकारों के मुताबिक सबसे अधिक मिलावट दूध और खोया तैयार किए जाने में होती है। यहां बुलंदशहर रोड और बाबूगढ़ में मिलावटी दूध धड़ल्ले से बन रहा है जबकि नकली खोया तैयार करने में ब्रेड और आलू का इस्तेमाल हो रहा है।
मुख्य बात यह है कि यहां मिठाई पर चांदी की परत लगाए जाने का प्रचलन अधिक है। इसमें ध्यान देने की जरूरत है कि चांदी के वरक के बजाए एल्युमीनियम के वरक का इस्तेमाल किया जा रहा है। दरअसल चांदी के वरक और जस्ते की वरक की कीमतों में काफी अंतर है। अस्सी प्रतिशत कम खर्चे पर चांदी की वरक के बजाए वही चमक एल्युमीनियम के वरक से मिल रही है। ऐसे में ज्यादातर दुकानदार एल्युमीनियम के सस्ते वरक का इस्तेमाल कर रहे हैं। जो सेहत के लिए काफी नुकसानदायक साबित हो रहा है।
हो सकता है आंतों का कैंसर
चिकित्सक पराग शर्मा ने बताया कि जस्ते का बनाया गया बरक आंतों के लिए काफी काफी हानिकारक सिद्ध हो सकता है। इससे कैंसर तक पैदा कर सकता है। पेट में इनफेक्शन आदि तो आम बात है। इस स्थिति को देखते हुए सस्ती मिठाईयों के फेर में न पड़े। डीओ पवन कुमार का कहना है कि मामले की जांच के लिए ऐसी मिठाईयों के सैंपल लिए जाएंगे।
रंगीन मिठाई भी बांट रही बीमारी
बाजार में रंगीन मिठाई की भी खूब भरमार है। हरी, लाल, पीली सहित विभिन्न रंगों की मिठाई धड़ल्ले से बिक रही है। यह मिठाई देखने में तो आकर्षक लगती है लेकिन यह सस्ती मिठाई भी सेहत के लिए हानिकारक है। इन मिठाईयों के बनाने में रसायनिक रंगों का प्रयोग हो रहा है। ऐेसे रंग शरीर में कैंसर का कारण बनते हैं।
सीएमओ आरके सिंह ने बताया कि मिलावटी मिठाइयां सेहत को नुकसान पहुंचा सकती हैं। फूड प्वाइजनिंग के साथ इन मिठाइयों के अधिक सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
मिठाई की दुकानों पर छापे से हड़कंप
हापुड़। दीपावली से ठीक पहले एसडीएम के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेरठ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापा मारकर मिठाई के नमूने लिए। इस दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।
एसडीएम डा. अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बाजार में मिलावटी मिठाईयों की बिक्री न हो इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। आदेशों के बाद डीओ पवन कुमार के नेतृत्व में मेरठ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पर छापेमार कार्रवाई की गयी। टीम ने यहां से मिठाईयों के दो सैंपल लिए। छापेमार कार्रवाई से बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।
एसडीएम ने बताया कि बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न हो इसके लिए बुधवार को भी छापेमार कार्रवाई की जाएगी।