लॉस एंजिलिस शहर ने स्नेह और सुमन को पलकों पर बैठाया
हापुड़। डॉक्यूमेंट्री ‘पीरियड’ : द एंड ऑफ सेंटेंस से आस्कर अवार्ड जीतने के बाद स्नेह और सुमन का काठीखेड़ा ही नहीं पूरे हापुड़ को बेसब्री से इंतजार है। हापुड़ की बहू बेटियों की उपलब्धि पर लॉस एंजिलिस शहर स्वागत में जुटा में है। अवार्ड फंक्शन के बाद फिल्म की निर्देशक रायका जेहताबची और उनकी टीम को जमकर बधाईयां दी गई।
सैनिटरी पैड पर काठीखेड़ा की बेटी और बहू पर बनी फिल्म से आस्कर पाने के बाद अब हर किसी को दोनों के अमेरिका से यहां पहुंचने का इंतजार है। बड़ी बात है कि हापुड़ की इन दो बहू बेटी का लोहा सात समंदर पार भी माना जा रहा है। सुमन ने फोन पर बताया कि फिल्म की निर्देशक रायका जेहताबची और उनकी पूरी टीम को बधाईयों देने के लिए तांता लगा हुआ है। हर कोई दो आम महिलाओं के एक छोटे से गांव से इतने बड़े मंच तक पहुंचने पर हैरत में और दाद दे रहा है।
उन्होंने बताया कि अवार्ड मिलने पर बड़ी-बड़ी शख्सियतों ने उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के बाद जब वे टीम के साथ शहर में घूमने निकले तो लोगों ने उनसे हाथों हाथ लिया। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।
स्नेह और सुमन ने शहर में मौज मस्ती और घूमने की अपनी तस्वीरें अपनी-अपनी फैमिली के साथ व्हाट्सएप पर शेयर की हैं।