सीओ के निलंबन की मांग को लेकर
हापुड़। पीएमएस एसोसिएशन के आह्वान पर शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों ने सीओ पर सीएचसी में तैनात चिकित्सक के साथ मारपीट और अपहरण का आरोप लगा कार्रवाई की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। 72 घंटे के अंदर सीओ को निलंबित न किए जाने पर चिकित्सकों ने हड़ताल की चेतावनी दी है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा. सुरेश यादव ने कहा कि पुलिस जिस समय रेप पीड़िता बच्ची को लेकर अस्पताल में पहुंची थी, चिकित्सक ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देना शुरू कर दिया। मेडिकल के लिए महिला चिकित्सक को बुलाया गया, लेकिन सीओ चिकित्सक से अभद्रता करने लगे। इतना ही नहीं मारपीट भी शुरू कर दी गई। आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने एक्सरे बॉक्स में भी तोड़फोड़ की, साथ ही चिकित्सक डा. राजेश सिंह का अपहरण कर उन्हें थाने ले गए, जहां उनके साथ जमकर मारपीट की गई। ऐसे में करीब 3 घंटे तक आपातकालीन चिकित्सा सुविधा बाधित रही।
विज्ञापन
एसोसिएशन के सचिव डा. राकेश अनुरागी ने कहा कि चिकित्सक के साथ मारपीट का मामला बेहद शर्मसार कर देने वाला है। इस मामले में सीओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होनी चाहिए। चिकित्सकों ने डीएम को सौंपे ज्ञापन में 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। इस दौरान यदि कार्रवाई नहीं हुई तो चिकित्सकों ने हड़ताल की चेतावनी दी है। इस दौरान डा. वेद प्रकाश, डा. गौतम भी मौजूद रहे।