उप गन्ना आयुक्त तक पहुंचा जिले के किसानों का मामला
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों के किसानों ने मेरठ में उप गन्ना आयुक्त से मुलाकात कर संबंधित गांवों में साबितगढ़ शुगर मिल के गन्ना खरीद केंद्र लगवाए जाने की मांग उठाई। किसानों को वहां से जल्द राहत का आश्वासन मिला है।
उल्लेखनीय है कि गांव रसूलपुर, फतहपुर, बनखंडा, रमपुरा, कुचेसर किला, लुखराड़ा, सिकंदरपुर गांव के सैकड़ों किसान बीते काफी दिनों से साबितगढ़ शुगर मिल को गन्ना देने की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने अपने गांवों में सिंभावली शुगर मिल के कांटे लगाने का कड़ा विरोध किया है।
जिला स्तर पर उनकी समस्याओं का समाधान न होने के विरोध में किसानों ने मेरठ जाकर उप गन्ना आयुक्त से मुलाकात की। किसानों की समस्या पर उप गन्ना आयुक्त ने जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया है।
किसानों का कहना है कि उप गन्ना आयुक्त ने सिंभावली गन्ना समिति के सचिव को मंगलवार को लखनऊ जाकर किसानों की मांग पर गन्ना सचिव विशेष की अदालत में अपील करने का आदेश दिया है।
इस मौके पर कर्मवीर प्रधान, अजयवीर सिंह, सतेंद्र सिंह, रामकिशन डागर, महेंद्र त्यागी, जनम सिंह, प्रेमवीर प्रधान, तेजेंद्र प्रधान, मनोज प्रधान, जयवीर सिंह, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह का कहना है कि जिले के किसानों ने उप गन्ना आयुक्त से मुलाकात की थी। उन्हें जैसे निर्देश मिलेंगे, उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई करेंगे।