करणी सेना और ब्राह्मण सभा ने रैली निकाली
गढ़मुक्तेश्वर। महाराणा प्रताप और भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में करणी सेना और ब्राह्मण सभा ने संयुक्त तत्वावधान में रैली निकाल एकजुट होने का संकल्प लिया। रैली में करणी सेना के कुछ युवक हाथों में तलवारें लिए हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवकों से तलवारें अंदर रखने के लिए कहा पर वह नहीं माने।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सदरपुर में डीके ठाकुर और बजरंग दल नेता नितिन चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाई।डेहरा कुटी होते हुए बाइक और कार रैली स्याना रोड से होकर गढ़ चौपला पर पहुंची तथा नक्का कुआं मंदिर परिसर में संपन्न हुई। रैली में कार और बाइकों पर सवार दर्जनों लोग अपने हाथों में तलवार लिए हुए थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहसील प्रशासन ने रैली की अनुमति इस शर्त पर दी थी कि न तो कोई हथियार लेकर चलेंगे और न ही चुनाव आचार संहिता का कोई उल्लंघन करेंगे। जब रैली गढ़ कोतवाली की सीमा में प्रवेश कर गई। तब बहादुरगढ़ पुलिस वापस लौट आई।
करणी सेना जिला उपाध्यक्ष अवनीश चौहान, हिंदू युवा वाहिनी नेता टिंकू शर्मा दीपक जादौन, रोहित शर्मा, प्रज्ज्वल शर्मा, दीपक राणा, मोहित ठाकुर, अंकुर त्यागी, मुकुल सारस्वत, भोजवीर चौहान, अरविंद चौहान आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
तलवारें नहीं खाली म्यान थीं
एसओ रवि रतन का कहना है कि रैली में शामिल कुछ युवक अपने हाथों में तलवार के खाली म्यान लिए हुए थे, जिन्हें पता लगते ही कारों के अंदर रखवा दिया गया था।