परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम हुआ
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कटीरा में स्थित फार्म हाउस पर रविवार को वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन यूपी (इंडिया) के तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता श्रीराम शर्मा और संचालन हरिदत्त शर्मा ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र के सम्मुख पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसमें मुख्य अतिथि चेयरमैन वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन पंडित मांगे राम शर्मा ने कहा कि कई वर्षाें के लंबे आंदोलन और संघर्ष के बाद सरकार ने सवर्ण समाज के गरीब तबके के लोगों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि देश में ब्राह्मण समाज के लोगों की उपेक्षा की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक गोपाल शर्मा ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, तेलंगाना सरकार की तर्ज पर प्रदेश में भी आयोग बनाकर ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए कानून बनाने और राजस्थान की तरह प्रदेश में गोवंशों के उत्थान के लिए योजना बनाने की मांग को लेकर चल रही यात्रा के दो चरण पूरे हो चुके हैं। नवंबर माह में बरेली से लखनऊ तक तीसरे चरण की यात्रा होगी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सभी लोगों से भगवान परशुराम के बताए रास्ते पर चलकर समाज और देश के उत्थान के कामों से जुड़ने का भी आह्वान किया।
आश्रम और धर्मशालाओं पर अवैध कब्जे का मुद्दा उठा
- कार्यक्रम के दौरान संयोजक गोपाल शर्मा ने कहा कि लंबे समय से ब्रजघाट में भूमाफिया सक्रिय हैं। जो फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से आश्रमों और धर्मशालाओं पर अवैध कब्जे कर रहे हैं। जिसके चलते साधू-संतों को बेघर होना पड़ रहा है। जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। संत समाज के उत्पीड़न के विरोध में और अवैध कब्जे हटवाने के लिए फेडरेशन का एक प्रतिनिधि मंडल 22 मई को डीएम और एसडीएम से मिलेगा। कहा कि यदि अवैध कब्जे और संत समाज का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ, तो फेडरेशन सड़क पर उतर कर उग्र आंदोलन के लिए भी मजबूर हो जाएगी।
मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आरएस गोस्वामी, शशी कांत शर्मा, राकेश स्वामी, माया प्रकाश शर्मा, अजय शर्मा, सुनील शर्मा, दीपक शर्मा, शिव कुमार शर्मा, केएम शर्मा, नानक चंद शर्मा, कुलदीप शर्मा, मुकेश कौशिक, नरेंद्र शर्मा, मूलचंद शर्मा, हरपाल शर्मा, सचिन शर्मा आदि मौजूद रहे।