गन्ना किसानों को शुगर मिलों ने किया 16 करोड़ का भुगतान
हापुड़। सिंभावली और ब्रजनाथपुर शुगर मिल प्रबंधन ने सत्र 2018-19 का जिले के किसानों को 16 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। डीसीओ ने गन्ना सचिवों को प्रतिदिन तौल चलवाने के लिए निर्देशित किया गया है।
जिला गन्ना अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि जिले के गन्ना उत्पादक किसानों को अब भुगतान व गन्ना सप्लाई में कोई परेशानी नहीं होगी। शुगर मिलों पर कड़ी सख्ती की गई है।
इसी क्रम में बुधवार ब्रजनाथपुर शुगर मिल ने 5 करोड़ व सिंभावली शुगर मिल ने 11 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन तौल चलायी जाएगी। इस संबंध में गन्ना सचिवों को निर्देशित कर दिया गया है। शेष भुगतान भी जल्द ही कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बसंतकालीन गन्ना बुवाई के अंतर्गत बीज की गुणवत्ता व सही बुवाई को लेकर खेतों के निरीक्षण किए जा रहे हैं। आय बढ़ाने के लिए किसानों को सह फसली खेती के टिप्स भी दे रहे हैं।