हापुड़। आज से प्रारंभ हो रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में बड़ी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। पुलिस-प्रशासन ने जिला पंचशीलनगर में सुरक्षा चक्रव्यूह तैयार किया है। जिले को चार जोन और 12 सेक्टरों में बांटा गया है। 35 स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाए गए हैं, जहां दो-दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
सुरक्षा के मद्देनजर पहले जोन में हापुड़, दूसरे में पिलखुवा, तीसरे में गढ़मुक्तेश्वर, चौथे में ब्रजघाट क्षेत्र के रखा गया है। संबंधित सीओ अपने-अपने क्षेत्र के जोनल अधिकारी रहेंगे। वहीं हापुड़ में चार, पिलखुवा में तीन, गढ़मुक्तेश्वर में पांच, ब्रजघाट में एक सेक्टर बनाया गया है। प्रत्येक जोन मुख्यालय पर 3 उपनिरीक्षक और 10 सिपाही मय वाहन के रिजर्व के रूप में तैनात रहेंगे। शहर के अंदरूनी इलाकों में भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। जिले भर में नौ थाना क्षेत्रों में 35 स्थानों पर पिकेट लगाई जाएगी। प्रत्येक पिकेट पर दो दो पुलिसकर्मी तैनात किए जाऐंगे। जिले भर में 17 रूटों पर 34 सशस्त्र पुलिसकर्मी बाइक से रूटों पर गश्त करते रहेंगे। इसके अलावा 17 स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें दो टीएसआई, 7 हेड कांस्टेबिल, 21 कांस्टेबिल तैनात किए गए हैं। जबकि ब्रज वाहन पर एक उपनिरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल, चार कांस्टेबल, नौ क्यूआरटी मोबाइल पर एक-एक उपनिरीक्षक और चार-चार सिपाही, 7 हाईवे मोबाइल पर एक-एक उपनिरीक्षक और चार-चार सिपाही तैनात रहेंगे।