हापुड़। ईद के मद्देनजर हापुड़ जिले में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। ऐहतियात के तौर पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को ईद की नमाज के दौरान ईदगाह पर करीब एक घंटे तक बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन बंद रखा जाएगा।
कप्तान अब्दुल हमीद ने बताया कि सभी सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कराएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जाए। जिलाधिकारी चक्रपाणि यादव ने बताया कि सभी एसडीएम, तहसीलदारों को अपने अपने क्षेत्र में मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है, जो शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे।
उधर, बुलंदशहर रोड स्थित ईदगाह पर हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा करने के लिए पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए नमाज शुरू होने से करीब 20 मिनट पहले बुलंदशहर रोड पर वाहनों का आवागमन बंद रखा जाएगा। करीब एक घंटे तक इस मार्ग पर वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात अभिषेक यादव ने बताया कि एक घंटे के दौरान मेरठ और बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहनों को निजामपुर तिराहा बाईपास तथा मेरठ रोड तिराहा से होकर गुजारा जाएगा।
खरीददारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़
हापुड़। ईद के मद्देनजर शनिवार को गोल मार्केट, माता मोहल्ला, कोठी गेट, पुराना बाजार, बजाजा बाजार में लोग कपड़े, जूते, चप्पल, सेवई आदि की खरीददारी करने में जुटे थे। पुराना शहर के निवासी आकिल खां तथा आवास विकास निवासी मुशर्रफ चौधरी ने बताया कि ईद के दिन दूध की किल्लत न हो, इसलिए दूध के लिए एक दिन पहले ही लाने का दूधिया को आर्डर दे दिया है। हर घर में ईद की तैयारी चल रहे। मुस्लिमों में ईद को लेकर जबर्दस्त उत्साह है।