हापुड़। कोतवाली और देहात क्षेत्र में चोरों ने शुक्रवार रात एक मकान और कार रिपेयरिंग की दुकान को निशाना बनाकर कीमती माल साफ कर दिया। पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला राजीव विहार निवासी सूरज प्रजापति शुक्रवार को अपने परिवार के साथ मेरठ निवासी अपने भाई योगेश के यहां आयोजित पूजा में गए थे। बताया गया है कि रात में चोरों ने उसके पड़ोस में रहने वाले एक सर्राफ के मकान के मेन गेट का ताला तोड़ा और छत के रास्ते सूरज के घर में घुस गए। चोरों ने मकान के अंदर रखी सेफ का ताला तोड़कर सोने और चांदी के जेवरात, 30 हजार रुपये नगद, पीतल के बर्तन, कपड़े आदि चोरी कर लिए और छत के रास्ते फरार हो गए। शनिवार की दोपहर जब सूरज घर वापस आया तो पड़ोसी का ताला टूटा देख अपने घर के अंदर गया। सामान फैला देख उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
और पढ़ें
इसके अलावा देहात थाना क्षेत्र के मोहल्ला घनश्यामपुरा निवासी महेंद्र कुमार की कार रिपेयरिंग की दुकान है। शुक्रवार की रात महेंद्र अपनी दुकान का ताला लगाकर घर को गया था। रात में चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ कार की चार बैट्री और गैस का एक सिलेंडर व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने देहात थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों मामलों की जांच की जा रही है।