गढ़मुक्तेश्वर। रंजिश के चलते मोहल्ला आदर्शनगर में पड़ोसियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिजनों पर हमला कर दिया। जमकर हुई मारपीट में एक बच्ची सहित पांच घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर मारपीट के दौरान लूटपाट करने का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
मोहल्ला आदर्श नगर में शुक्रवार शाम शकील और खैरुन्निशां पक्ष के बीच मारपीट हो गई थी। जिसमें खैरुन्निशां समेत उसके तीन परिजन घायल हो गए थे। शनिवार को मौका मिलते ही घायल पक्ष के लोगों ने शकील पक्ष पर हमला बोल दिया। जिसमें शकील, हसीन, अनम, खुशी और सबीला घायल हो गई। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। पीड़ित शकील का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग लाठी डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और सामान को तोड़फोड़ कर बर्बाद कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने परिजनों पर डंडों से जमकर पीटा और संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखी 50 हजार की नगदी समेत सोने, चांदी के जेवरात भी लूट ले गए हैं। उधर, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि मामला मारपीट है। पुलिस जांच कर रही है।