हापुड़। धौलाना में जच्चा-बच्चा की मौत और उस पर हुए हंगामे से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। सीएमओ ने सीएचसी धौलाना के अधीक्षक से रिपोर्ट मांगी है। महिला का इलाज करने वाले प्राइवेट चिकित्सक की भी पूरी जानकारी देने को कहा है। रिपोर्ट के बाद लापरवाही बरतने वाले चिकित्सकों और कर्मियों पर गाज गिरेगी।
और पढ़ें
मंगलवार सुबह गांव बझैड़ा कला निवासी आस मोहम्मद की पत्नी रुबीना को प्रसव पीड़ा के बाद धौलाना के सीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत खराब होने पर वहां से महिला को हापुड़ सीएचसी के लिए रेफर िकया गया। परिजन पास में स्थित एक प्राइवेट चिकित्सक के पास महिला को ले गए। जहां महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। उपचार के दौरान महिला और एक पुत्री की मौत हो गई। जबकि एक बेटा सकुशल है। जच्चा-बच्चा की मौत के बाद हंगामा हुआ था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीएचसी में लापरवाही हुई। उसके बाद आशा ने महिला को प्राइवेट अस्पताल ले जाने की सलाह दी। सीएमओ ने सीएचसी के अधीक्षक डा. नवीन रूहेला से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही प्राइवेट चिकित्सक की जानकारी करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सीएमओ डा. दिनेश शर्मा ने बताया कि जल्द रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई का पता चल जाएगा।