हापुड़। धन के लालच में भाई ने सभी रिश्ते ताक पर रख दिए। नाबालिग बहन की मानें तो 50 हजार रुपये में भाई ने अधेड़ के हाथों उसे बेच दिया। जबरन निकाह कर अधेड़ ने उसे गलत धंधे में लगा दिया। किसी तरह उसके चंगुल से निकल भागी तो वह उसे वापस ले जाने के लिए गांव तक पहुंच गया। मां-बेटी ने विरोध किया उसने तेजाब की बोतल उनपर फेंकी। दोनों बाल-बाल बचे। पुलिस में तहरीर दी लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई। डरी-सहमी मां-बेटी बुधवार को एसपी दफ्तर पहुंची। निकाह का पेच देख एसपी ने मामला जांच के लिए परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया।
यह शर्मनाक वाकया बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां किशोरी और उसकी मां रहती हैं जबकि किशोरी का भाई अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में रहता है। कुछ समय पहले भाई और भाभी उसे और उसकी मां को अपने साथ लोनी ले गए। वहां उन्होंने पचास हजार रुपये के लालच में आकर एक अधेड़ से उसका सौदा कर दिया और निकाह कर दिया।
उसका मां ने इसका विरोध किया तो भाई और भाभी ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि अधेड़ ने उसे गलत धंधा में लगा दिया। किसी प्रकार अपनी मां के साथ उसके चंगुल से निकलकर अपने गांव भाग आई।
4 जुलाई की शाम अधेड़ वहां भी पहुंच गया और उसे अपने साथ जबरदस्ती ले जाने लगा। उसने और उसकी मां ने विरोध किया तो उसने तेजाब की बोतल उसके ऊपर फेंककर मारी। दोनों बाल-बाल बच गई। शोर सुनकर लोग दौड़े तो आरोपी भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंची, पीड़ितों से तहरीर ली लेकिन गिरफ्तार किसी को नहीं किया।
इस पर डरी सहमी मां-बेटी एसपी कार्यालय पहुंचे मामले की जांच करा उचित कार्रवाई करने की मांग की । एसपी ने पीड़िता को परिवार परामर्श केंद्र भेजकर पूरी मामले की जांच के आदेश दिए हैं।