हापुड। ‘गन्ने का भुगतान मिलों के मैनेजरों को बंधक बनाकर नहीं, बल्कि अब मिल के मालिकों को बंधक बनाकर लिया जाएगा।’ यह बात कहते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने प्रदेश की सपा सरकार को किसानों की मौजूदा खराब हालत के जिम्मेदार बताया।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगराध्यक्ष मोहित सिंघल के कार्यालय पर उन्होंने कहा कि सूबे में बिगड़ी कानूनी व्यवस्था के लिए सपा ही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि गन्ने की लागत 292 रुपये प्रति क्विंटल आती है। उन्होंने कहा कि अभी तक धान खरीद केंद्रों पर एक भी दाना नहीं खरीदा जा सका है क्योंकि धान का सरकारी खरीद मूल्य काफी कम है। सपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में कृषि मूल्य आयोग का गठन करने की बात कही थी,लेकिन ढाई वर्ष बीतने के बाद भी इस दिशा में कुछ नहीं किया गया।
शहीद कुलदीप के घर पहुंचे बाजपेई
गढ़मुक्तेश्वर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सिंभावली के गांव जमालपुर में शहीद कुलदीप के घर पहुंचकर परिजनों का ढांढस बंधाकर शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाने की घोषणा की ।भाजपा जिलाध्यक्ष संजय त्यागी, पूर्व विधायक बिजेन्द्र सिंह, रजनीश, योगेन्द्र पंडित, तेजेन्द्र शर्मा, अशोक शर्मा, राजपाल, अमरजीत सिंह, प्रियपाल चौधरी, मेजर भीष्म त्यागी, विनय त्यागी, अनिल चौधरी, अरुण त्यागी, सुमन प्रकाश त्यागी, अजयपाल सिंह, जगनेश्वर सिंह मौजूद रहे।
31 तक डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि पार्टी के सदस्यता अभियान अधिक से अधिक महिलाओं और युवाओं को पार्टी का सदस्य बनाना प्राथमिकता है। 1.50 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य 31 दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। यदि यह लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो 31 मार्च तक इस टारगेट को पूरा किया जाएगा।