शासन के निर्देश पर नगर पालिका ने पालिका में और दिल्ली रोड स्थित पुराने बस अड्डे पर संचालित रैन बसेरों को दुरुस्त कर उनमें पानी, बिस्तर, रजाई और अलाव आदि की व्यवस्था करा दी है।
ठंड बढ़ने के बाद ‘अमर उजाला’ ने बुधवार के अंक में ही रैन बसेरों में अव्यवस्थाओं को प्रकाशित किया। इसके बाद ही नगर पालिका के ईओ ने इस पर संज्ञान लिया है।
नगर पालिका ईओ संजय मिश्रा ने बताया कि दो दिन से कड़ाके की सर्दी के चलते शासन से रैन बसेरों को चालू कराने के निर्देश मिले थे। इसी क्रम में बुधवार को नगर पालिका परिसर और दिल्ली रोड स्थित पुराने बस अड्डे में रैन बसेरों को खोल दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अलाव के लिए लकड़ी आदि की व्यवस्था हो चुकी है। रैन बसेरों में रजाई भी पहुंचा दी गई है। सर्दी से परेशान असहाय लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि रोजाना रैन बसेरों के बाहर व निर्धारितों स्थानों पर अलाव जलाया जाए। उन्होंने बताया कि किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।