सुमित त्यागी फिल्मों में नजर आएंगे
- फोटो : अमर उजाला
उपैड़ा गांव निवासी सुमित त्यागी अब जल्द ही फिल्मों में भी नजर आएंगे। ‘टशन ए इश्क’ व ‘ये हैं मोहब्बतें’ जैसे धारावाहिकों से चर्चा में आए सुमित फिलहाल अध्यात्म चैनल पर आने वाले ‘जगदंबा तेरे रूप अनेक’ सीरियल में लीड रोल कर रहे हैं।
मार्च में उनकी फिल्म ‘अधूरे हैं हम’ रिलीज होगी। शुक्रवार को गांव आगमन पर उनका भव्य स्वागत भी हुआ। उपैड़ा गांव निवासी 24 वर्षीय सुमित त्यागी को बचपन से ही फिल्मी जिंदगी जीने का शौक था। हाईस्कूल की पढ़ाई उन्होंने हापुड़ के टीएसएस और इंटरमीडिएट की पढ़ाई एचएनएस इंटर कॉलेज से की थी।
तीन वर्ष पहले वह एक्टिंग कोर्स करने के बाद मुंबई चले गए थे। अपने सपनों को साकार करने के लिए उन्होंने प्रोड्यूसर जितेन मल्होत्रा के निर्देशन में फिल्मी जिंदगी में कदम रखा। पहले प्रयास में ही उन्हें जी टीवी पर चलने वाले मशहूर धारावाहिक टशन ए इश्क में काम करने का मौका मिला।
इस सीरियल में उन्होंने फैशन फोटोग्राफर का रोल निभाया था। सुमित ने बताया कि फिलहाल उन्होंने बॉलीवुड फिल्म (अधूरे हैं हम) में कार्य किया है। यह फिल्म मार्च में रिलीज होनी है। अध्यात्म और अंजन चैनल पर जल्द आने वाले धारावाहिक जगदंबा तेरे रूप अनेक में वह लीड रोल में नजर आएंग।
मुख्य बात यह है कि इस सीरियल की शूटिंग उपैड़ा, कुचेसर फोर्ट और छपकौली गांव में जल्द ही शुरू हो जाएगी। सुमित ने कहा कि वह गांव से ताल्लुक रखते हैं, इसका उन्हें गर्व है। लेकिन गांवों में अक्सर प्रतिभाशालियों को आगे बढ़ने से रोक दिया जाता है।
शुक्रवार को सुमित का गांव में स्वागत किया गया। बेटे की उपलब्धि पर उनके पिता सुरेश चंद त्यागी, माता सुमन त्यागी व भाई सोनू व राहुल त्यागी काफी उत्साहित हैं। इस मौके पर निपुन एसोशिएट के मालिक मोंटू चौधरी, भागेश त्यागी, अन्नू त्यागी आदि मौजूद रहे।