संडीला। सर्राफा व्यवसायी की दुकान मेें चोरी की खबर लगते ही सर्राफा व्यवसायियों में रोष फैल गया। उन्होंने आननफानन मेें अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्राफा व्यवसायियाें ने कहा कि अब तो हद ही हो गई।
जब कस्बा चौकी के सामने दुकान सुरक्षित नहीं है तो इधर उधर की दुकानें कितनी सुरक्षित रह सकेंगी। उन्होंने कहा कि बीते माह सर्राफा दुकान में की गई लूटपाट के प्रयास से पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया। अध्यक्ष ने कहा कि यदि इस घटना का तीन दिन में खुलासा नहीं हुआ तो सर्राफा व्यवसायी आंदोलन करेंगे। उधर, उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के नगर प्रभारी प्रदीप जायसवाल, जिला व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने घटना का खुलासा न होने पर धरना प्रदर्शन व जुलूस निकालने की चेतावनी दी।