जिला स्तरीय टीम करेगी गुणवत्ता की जांच
हरदोई। परिषदीय स्कूलों में नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकों के सत्यापन के पूर्व गुणवत्ता की जांच जिला स्तरीय पांच सदस्यीय टीम करेगी। इसके लिए टीम का गठन किया गया है। टीम के सत्यापन के बाद पाठ्य पुस्तकों का वितरण शुरू किया जाएगा।
जिले में अबकी नौ लाख 3 हजार 299 विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें मुहैया कराई जानी है। इसके लिए विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। जिले में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकें वितरित करने को किताबों की खेप आने लगी है। किताबों का भंडारण जीआईसी भवन में किया जा रहा है। किताबें आने के बाद उनका जिला स्तर पर गठित पांच सदस्यीय टीम सत्यापन करेंगे। डीएम के अनुमोदन के बाद टीम का गठन किया गया है। जिसमें बीएसए के अलावा डायट के वरिष्ठ प्रवक्ता, समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डिप्टी बीएसए शामिल होंगे।
टीम के सदस्य पाठ्य पुस्तकों की गुणवत्ता का मिलान प्रकाशक द्वारा भेजी गई नमूने की किताब से करेंगे। इसके अलावा पुस्तकों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद किताबों को ब्लाक संसाधन केंद्र भेजा जाएगा। जहां से उनको न्याय पंचायत केंद्रों पर भेजा जाएगा। वहां से स्कूलों को किताबें मुहैया कराई जाएगी। इस बार जुलाई में सभी विद्यार्थियों को किताबें मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी विनोद कनौजिया ने बताया कि किताबों के वितरण को सभी ब्लाक को तिथिवार किताबें उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय से छात्रों को किताबें मुहैया हो सकें।