पिहानी (हरदोई)। इलाके के अलग-अलग गांवों में गन्ने में दवा डालते समय कई किसान बेहोश हो गए। इन्हें सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि सभी खतरे से बाहर हैं।
शुक्रवार की दोपहर सीएचसी पर अलग-अलग गांवों से कई किसान बेहोशी की हालत में लाए गए। परिजनों के अनुसार, यह सब गन्ने में कीड़ों से बचाव की दवा फ्यूराडान डाल रहे थे। बेहोश होकर अस्पताल पहुंचने वाले किसानों में पुरुषोत्तम (14), अशोक कुमार (18) निवासी मवैया, भारत (35) निवासी जरेली, गुड्डू (35) निवासी हसैयामऊ, संतोष सिंह (40) और श्यामसुंदर (36) निवासी पंडरवा किला, दीप सिंह (42) निवासी बरम्हुला, गोविंद शुक्ला (35) निवासी धोबिया हैं। इन किसानों ने होश आने के बाद बताया कि दवाई में इतनी तेज गंध निकली कि वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सके और थोड़ी देर में ही उनके होश चले गए।
इस बारे में जानकारों का कहना है कि दवाई के छिड़काव में पर्याप्त सावधानी नहीं बरतने पर इस तरह के मामले सामने आते हैं। छिड़काव काफी एहतियात के साथ हाथ नीचा रखते हुए की जानी चाहिए थी। साथ ही इसके मिश्रण आदि में भी दिए गए निर्देशों का पालन करना चाहिए। वहीं किसानों की इतनी ज्यादा संख्या मेें पहुंचने पर लोग दवाई में भी गड़बड़ी होने का अनुमान लगा रहे हैं। किसानों का इलाज करने वाले डा. अमित मिश्र ने बताया कि सभी किसानों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।