हरदोई। निर्मल भारत पुरस्कार योजना में अबकी जिले के दो गांवों का प्रस्ताव किया गया है। पंचायत राज विभाग से संचालित योजना के अंतर्गत ऐसे गांव जिनमें बेहतर विकास कार्य कराया गया है, उनको पुरस्कृत किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित इस योजना में प्रस्तावित गांवों में कराए गए विकास कार्याें का निरीक्षण होगा। जिसके बाद चयनित होने पर उन्हें पुरस्कार दिया जाएगा।
गांवों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के तथा बेहतर कार्य कराने को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा तमाम विकास की योजनाएं संचालित होती हैं। ताकि गांवों का विकास हो सके। गांवों के विकास के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा प्रोत्साहन को पंचायती राज विभाग में निर्मल भारत अभियान योजना की शुरुआत की गई है। केंद्र सरकार से वित्त पोषित निर्मल भारत अभियान योजना में ऐसे गांवों को पुरस्कार दिया जाएगा, जिनमें बेहतर विकास कार्य कराया गया हो। मसलन गांव विद्युतीकरण व सीसी रोड व खंड़जा तथा संपर्क मार्ग से सुदृढ़ तो हो साथ ही गांव में शत प्रतिशत शौचालय और साफ सफाई का विशेष ध्यान दिया जाता हो।
ज्ञात हो कि जिले में अबकी ऐसे दो गांवों का प्रस्ताव किया गया जो जिले के अफसरों की नजरों में विकास व निर्माण कार्य में सबसे बेहतर हैं। विकास खंड शाहाबाद का वासितनगर और टोडरपुर ब्लाक का हाथीपुर दो गांवों का चयन कर पंचायतीराज निदेशालय में प्रस्ताव कर दिया गया है। अब इन गांवों में विकास कार्याें की जांच कराई जाएगी। जिसके लिए सबसे पहले जिला परियोजना समन्वयक पंचायती राज को निरीक्षण पर भेजा जाएगा। जिसके क्रम में पीलीभीत के जिला परियोजना समन्वयक जल्द ही जिले में आएंगे। जो निरीक्षण की रिपोर्ट निदेशालय को भेजेंगे। पंचायती राज निदेशालय से गुरुवार को जिले में एक पत्र भेज दिया गया।
इंसेट
डीपीसी कानपुर नगर का देखेंगे गांव
हरदोई। पंचायत राज निदेशालय के निर्देश पर निर्मल भारत अभियान योजना के अंतर्गत जहां एक ओर जिले में पीलीभीत के जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) निरीक्षण करने आएंगे, वहीं जिले के डीपीसी शैलेंद्र कुमार कानपुर नगर के गांव में निरीक्षण करने जाएंगे। इस बाबत डीपीआरओ को पत्र भेजा जा चुका है।