हरदोई। बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषाहार का वितरण कर सत्यापन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिले में लापरवाही हो रही है। सत्यापन करने में हीलाहवाली पर मंगलवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर शाहाबाद सीडीपीओ ने ब्लाक की सभी मुख्य सेविकाओं को नोटिस जारी कर दी है। साथ ही पोषाहार सत्यापन न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बच्चों के पोषण को लेकर बाल विकास विभाग द्वारा संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण भी किया जाता है। पोषाहार को लेकर वैसे ही अनियमितताओं के मामले प्रकाश में आते रहते हैं। जिसको लेकर ही अब बाल विकास निदेशालय ने पोषाहार का वितरण आंगनबाड़ी कार्यकत्री को करने पर सत्यापन कर अभिलेखों में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं, पर जिले में बाल विकास निदेशालय के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। शाहाबाद विकास खंड में पोषाहार का वितरण करने पर उसकी सत्यापन रिपोर्ट अभिलेखों में दर्ज नहीं की गई। जिस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर बाल विकास परियोजना अधिकारी शाहाबाद ने कार्रवाई की है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी शाहाबाद तारा यादव ने ब्लाक पर जाकर अभिलेखों को देखा तो मुख्य सेविकाओं द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोषाहार का वितरण करने पर उसका सत्यापन न करने की बात सामने आई। इस पर सीडीपीओ ने ब्लाक की सभी मुख्य सेविकाओं को नोटिस जारी कर पोषाहार वितरण का सत्यापन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए, जबकि मुख्य सेविकाओं को कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।