हरदोई। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात स्टेनो और विद्यालय प्रबंधक के बीच तू-तू मैं-मैं हुई। इससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। लिपिकों ने विद्यालय प्रबंधक पर अभद्रता का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। इस पर डीआईओएस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया। कहा कि कार्यालय में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में तैनात स्टेनो अर्जुन बुधवार को दफ्तर पहुंचे तो फेरूलाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महमदपुर के प्रबंधक राम मोहन शुक्ल ने उनसे कार्यालय आने का समय पूछा। अर्जुन ने यह कहकर विरोध किया कि यह पूछने का अधिकार डीआईओएस का है। इस पर वह बिगड़ गए और दोनों के बीच झड़प होने लगी। इससे कार्यालय में अफरातफरी मच गई। लिपिक ने आरोप लगाया कि प्रबंधक ने उसे जाति सूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। स्टेनो ने जिला विद्यालय निरीक्षक और लिपिक वर्ग की यूनियन के जिलाध्यक्ष को सूचना दी। बाद में यूपी मिनिस्टीरियल एजूकेशन आफीसर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह ने डीआईओएस को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक जेपी मिश्र ने कहा कि कार्यालय में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वह जांच करेंगे और जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।