हरदोई। हर एबीआरसी ब्लाक के चयनित पांच खराब विद्यालयों और समग्र ग्रामों के विद्यालयों में जाकर विद्यालय समय में रुक कर वहां की व्यवस्था में सुधार कराएंगे और वहां पर कक्षाआें में शिक्षण कार्य कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करेंगे और उसकी रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को भी मुहैया कराया जाएगा।
उक्त बात बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजेश मिश्र ने शनिवार को कार्यालय में एबीआरसी की बैठक लेने के दौरान कही। बीएसए ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ब्लाक में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा पांच-पांच खराब विद्यालयों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालयों और समग्र ग्राम के विद्यालयाें में प्रत्येक दिन एक एक एबीआरसी निरीक्षण करने जाएंगे। उन्होंने एबीआरसी स्कूल समय में मौजूद रहेंगे और स्कूल की व्यवस्था को दुरुस्त कराएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा एबीआरसी कक्षाओं में जाकर शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन करेंगे और उसमें सुधार कराने के लिए शिक्षण कार्य करेंगे। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूलों में शौचालयों को व्यवस्थित कराने में भी सहयोग करेंगे।
उन्होेंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों सामान्य ज्ञान पर जोर दिया जाए। विद्यालय में निशुल्क पाठ्य पुस्तकों के वितरण और निशुल्क ड्रेस वितरण पर नजर रखी जाए। कहा कि विद्यालयोें में वितरित की जाने वाली ड्रेस की गुणवत्ता पर नजर रखेंगे और इसकी आख्या कार्यालय का उपलब्ध कराएंगे। इसके अलावा ब्लाक में संचालित लोक शिक्षा समिति के केंद्रों का निरीक्षण कर उनकी भी आख्या उपलब्ध कराएंगे। इसके उपरांत बीएसए ने साक्षरता मिशन के तहत ब्लाक व जिला समन्वयकों की बैठक ली, जिसमें साक्षरता मिशन को बेहतर ढंग से चलाने के निर्देश दिए और केंद्रों की निरीक्षण आख्या उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।