हरदोई। जिले में शौचालय निर्माण के कार्य में वैसे भी लापरवाही बरती जा रही, वहीं अब शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में भी शौचालयों का निर्माण पूरा नहीं हो पा रहा है। डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्रामों से चयनित गांवों में बन रहे इंदिरा व लोहिया आवासों में शौचालय निर्माण की प्रगति बेहतर नहीं है।
सीडीओ ने योजना के अंतर्गत आवासों में बनाए जा रहे शौचालयों की समीक्षा की और खराब प्रगति पर नाराजगी जता जिम्मेदारों को पत्र जारी कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। निर्मल भारत अभियान योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। वैसे तो शौचालयों का निर्माण हर ग्रामीण क्षेत्र में कराया जाना है, पर सरकार की कुछ योजनाओं के अंतर्गत शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता से होेना है। डा. राममनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना से चयनित गांव और उनमें बनाए जा रहे आवासों के लाभार्थियों को शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता से होना है, जिसमें भी जिम्मेदारों द्वारा जमकर लापरवाही हो रही है।
वित्तीय वर्ष 12-13 के 30 तथा वित्तीय वर्ष 13-14 के 41 समग्र ग्रामों के इंदिरा और लोहिया आवास योजना में चयनित लाभार्थियों को शौचालय निर्माण का लाभ दिया जाना है, पर योजनाओं को संतृप्त करने में लापरवाही की जा रही है। समीक्षा के दौरान सीडीओ आरएन सिंह यादव ने शौचालय निर्माण की प्रगति का जायजा लिया, जिसमें कार्य अधूरा मिला। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने डीपीआरओ को शौचालय निर्माण शत प्रतिशत पूरे कराने को निर्देशित किया है।