हरदोई। अब रात के अंधेरे में यदि बिजली विभाग की टीम मोहल्लों में बिजली चोरों को ढूंढती नजर आएगी। पावर कारपोरेशन ने अब सूर्यास्त के बाद छापामारी कर बिजली चोरों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। प्रबंधक निदेशक ने आदेश जारी कर रात 8 बजे के बाद प्रशासन के सहयोग से विजिलेंस टीम को छापामारी के निर्देश दिए हैं।
बिजली चोरी से हो रहे लाइन लास तथा उपकेंद्रों पर बढ़ रहे लोड पर लगाम लगाने को कारपोरेशन ने रात में चेकिंग करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। रात के समय लोड वृद्धि और बिजली चोरी ज्यादा होने से बिजली विभाग ने लोगों के घरों पर रात आठ बजे के बाद छापामारी करने के आदेश दिए हैं। वैसे तो रात में बिजली चेकिंग करने पर रोक थी, पर रात में ही सबसे ज्यादा लोड बढ़ता है और कटिया भी डाली जाती है, जिससे कारपोरेशन ने रात में बिजली चोरी पकड़ने को चेकिंग अभियान चलाने की व्यवस्था लागू कर दी है। प्रबंध निदेशक अवनीश अवस्थी द्वारा जारी पत्र में रात में विजिलेंस टीम द्वारा चेकिंग कराने का आदेश दिया है। अवस्थी ने इस काम में प्रशासन का सहयोग लेने की बात कही है। विजिलेंस की टीम प्रशासन के सहयोग से संदिग्ध लोगों के घरों में छापामारी करेंगे। प्रबंध निदेशक ने इस दौरान बिजली उपकेंद्रों पर लोड भी जांचने की बात कही, जिसके लिए चेकिंग से पूर्व उपकेंद्रों का लोड दर्ज किया जाएगा और चेकिंग के बाद उपकेंद्रों का लोड दर्ज कर देखा जाएगा कि कितनी बिजली चोरी की जा रही थी। इससे बढ़ रही बिजली की खपत पर भी लगाम लगेगी। ज्ञात हो कि जिले में आदेश आने के बाद जेई को निर्देशित कर दिया गया है।
उधर, भले ही कारपोरेशन ने अब रात में बिजली चेकिंग कराने के आदेश जारी कर दिए हों, पर यदि विद्युत अधिनियमों पर गौर करें, तो रात में चेकिंग नहीं की जा सकेगी। यदि कोई विशेष परिस्थिति होती है, तभी रात में चेकिंग की जाएगी। अन्यथा चेकिंग पर रोक है। वैसे तो अब कारपोरेशन ने चेकिंग के आदेश जारी कर दिए हैं, पर अहम बात यह है कि रात में चेकिंग शुरू होने से एक तो लोगों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा, वहीं दूसरी ओर निजता भी प्रभावित होगी।