हरदोई। जिले की करीब डेढ़ हजार व्यापारिक फर्मों पर 7.30 करोड़ वाणिज्य कर बकाया है। जिसकी वसूली करने को अफसरों को पसीना आ रहा है, पर बकाया कर राशि जमा नहीं हो पा रही है। फर्मों के संचालकों को नोटिस जारी करने के बाद भी विभाग को बकाया राशि जमा कराने में सफलता नहीं मिल पा रही है।
अब विभाग ने बकाया कर वसूली को आरसी जारी करने की तैयारियां शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि बड़े अफसरों से अनुमति मिलते ही बकायादार फर्मों के खिलाफ आरसी जारी हो जाएगी। जिले की करीब डेढ़ हजार फर्में काफी समय से सेल्स टैक्स विभाग में डिफाल्टर की श्रेणी में चल रही है। इन फर्मों पर करीब 7.30 करोड़ का वाणिज्य कर बकाया चल रहा, जिसे इन फर्मों के संचालकाें द्वारा जमा नहीं किया जा रहा है। यह बकाया राशि जमा कराने को सेल्स टैक्स विभाग के अफ सर पिछले लंबे समय से प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए फर्मों के संचालकों को भी नोटिस जारी की गई, पर नतीजा वही ढाक के तीन पात रहा और बकाया वाणिज्य कर जमा नहीं हो पा रहा है।
पिछले दिनों शासन द्वारा बकाया करों की वसूली करने के कडे़ निर्देश देने के बाद अब विभाग के अफसरों ने बकाया कर वसूली के लिए आरसी जारी करने की तैयारियां शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है आरसी के जरिए बकाया वसूली के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति मिलते ही आरसी जारी हो जाएगी। इस संबंध में सेल्स टैक्स विभाग के संयुक्त आयुक्त आरके श्रीवास्तव ने कहा कि बडे़ बकायादारों के साथ ही सभी डिफाल्टरों से बकाया कर जमा कराने को आरसी आदि की कार्रवाई की तैयारियां हो रही है। अफसरों से निर्देश मिलते ही आरसी जारी कर दी जाएगी।
इंसेट
ज्वाइंट कमिश्नर बने
हरदोई। जिले में तैनात डिप्टी कमिश्नर सेल्स टैक्स आर के श्रीवास्तव का प्रमोशन ज्वाइंट कमिश्नर के पद पर हो गया है। प्रमोशन होने के बाद उन्होंने लखनऊ में अपने नए पद पर ज्वाइन कर लिया है। शासन द्वारा अभी उनके स्थान पर किसी की तैनाती नहीं की गई है, जिससे वे डीसी का भी कार्यभार देख रहे हैं।